Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

बाल सुधारगृह से फरार किशोर की जमशेदपुर में इलाज के दौरान मौत, ओएचई की चपेट में आकर झुलसा था

जमशेदपुर।चाईबासा बाल सुधारगृह से फरार हुए किशोर कैदी की सोमवार सुबह एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर बीते दिनों गंभीर रूप से झुलस गया था, जब वह भागते समय कोयला लदी मालगाड़ी पार करते हुए ओएचई (ओवरहेड वायर) की चपेट में आ गया था।

जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोशाई रोड नंबर 2 निवासी 17 वर्षीय सोनू पात्रो चाईबासा बाल सुधारगृह में पिछले चार महीनों से बंद था। उसकी मां मंजू पात्रो ने बताया कि सोनू चोरी के एक मामले में सुधारगृह में था। बीते दिनों चाईबासा बाल सुधारगृह में बंद करीब 21 किशोरों ने मेन गेट तोड़कर फरार हो गए थे, जिनमें सोनू भी शामिल था।

फरार होने के बाद 3 अप्रैल को सोनू टाटानगर पहुंचा, जहां कुछ लोगों ने उसे चोर समझ कर पीछा किया। भागने के क्रम में वह कोयला लदी मालगाड़ी पार करने की कोशिश करने लगा, तभी ओवरहेड हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

पुलिस ने उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब एक सप्ताह तक इलाज चलने के बाद सोमवार सुबह आठ बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सोनू की मां अस्पताल पहुंची। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

इस घटना ने बाल सुधारगृह की सुरक्षा व्यवस्था और किशोर न्याय प्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Post