Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

पलामू में दर्दनाक सड़क हादसा, बोलेरो की टक्कर से तीन युवकों की मौत

पलामू: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एनएच-98 पर रुदवा के बैराही मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में तीन आदिवासी युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना में श्याम परहिया और संतन परहिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपेंद्र परहिया ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक छतरपुर के खजूरी नौडीहा पंचायत के लेवाड़ गांव के रहने वाले थे और मेदिनीनगर से छतरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।

हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपेंद्र परहिया को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोलेरो को जब्त कर लिया है और उसके मालिक का पता लगाने में जुट गई है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Post