Breaking
Sun. May 17th, 2026

जमशेदपुर में दो बाइकों की टक्कर, 16 वर्षीय युवक की मौत, पांच घायल

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के एनएच-33 पिपला के पास रविवार रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में 16 वर्षीय युवक दयाल सिंह की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दयाल को मृत घोषित कर दिया।

 

घटना का विवरण

 

मृतक दयाल सिंह एमजीएम थाना क्षेत्र के मलियंता गांव का रहने वाला था और एक होटल में काम करता था। वह दस दिन पहले ही अपने गांव आया था। पुलिस के अनुसार, दयाल की बाइक पर तीन लोग सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो लोग थे। दोनों ही बाइक तेज रफ्तार में थीं और एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थीं। पिपला के पास अचानक दोनों बाइकों की टक्कर हो गई, जिससे सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घायल प्रभाकर सिंह और रत्नाकर सिंह का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। प्रभाकर ने बताया कि दयाल तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था और गलत दिशा में पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।

 

परिजनों का विलाप, पुलिस ने जब्त की बाइक

 

घटना की सूचना मिलते ही दयाल के परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि दयाल पांच बहनों और एक भाई में सबसे छोटा था। दो महीने पहले उसने जिद करके घरवालों से नई बाइक खरीदी थी। रविवार शाम वह घर से यह कहकर निकला था कि थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन यह उसकी आखिरी सवारी बन गई।

 

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Related Post