Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

जमशेदपुर: एसडीओ शताब्दी मजुमदार का सख्त अभियान बना विवाद का कारण, हुआ हंगामा

जमशेदपुर।जमशेदपुर की एसडीओ शताब्दी मजुमदार द्वारा सड़क परिवहन की व्यवस्था सुधारने के लिए चलाया जा रहा अभियान विवादों में आ गया है। गलत पार्किंग रोकने के उद्देश्य से एसडीओ के नेतृत्व में गाड़ियों की हवा निकालने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आज शाम लोगों ने जमकर हंगामा किया।

 

बुधवार को साकची के जुबिली पार्क से साकची की ओर जाने वाली सड़क पर खड़ी गाड़ियों की हवा निकालने के दौरान माहौल गर्म हो गया। इस दौरान गर्भवती महिला को ले जा रहे एक वाहन की भी हवा निकाल दी गई, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया।

 

घटना तब और विवादास्पद हो गई जब भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की गाड़ी सहित भाजपा पदाधिकारियों की गाड़ियों की भी हवा निकाल दी गई। उस समय भाजपा नेता एक बैठक कर रहे थे। इस कार्रवाई के बाद मौके पर हंगामा मच गया। भाजपा नेताओं ने इसे अमानवीय और गैरजरूरी बताते हुए विरोध जताया।

 

एसडीओ से इस बारे में सवाल करने की कोशिश की गई, लेकिन वे मीडिया से बातचीत किए बिना ही मौके से चली गईं।

 

विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि अगर गाड़ियां गलत जगह खड़ी हैं, तो जुर्माना लगाया जाए, लेकिन हवा निकालना सही तरीका नहीं है। लोगों ने इसे न केवल असुविधाजनक बताया, बल्कि अमानवीय करार दिया।

 

इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और राजनीतिक दलों ने प्रशासन से इस तरीके को तुरंत रोकने की मांग की है।

Related Post