जमशेदपुर:- में शहीद निर्मल महतो के 37वें शहादत दिवस के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और जमशेदपुर सांसद बिद्युत बरण महतो सहित अनेक नेता और गणमान्य लोगों ने बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस के मुख्य गेट पर स्थापित महतो की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने निर्मल महतो को एक महान क्रांतिकारी और झारखंड अलग राज्य के आंदोलन का अग्रणी योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि महतो की शहादत के कारण ही झारखंड राज्य का सपना साकार हो सका है और उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद, पूर्व मुख्यमंत्री ने कदमा के उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल की ओर प्रस्थान किया, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आने की संभावना है। वहां एक सभा का आयोजन भी किया गया है।
उलियान स्थित समाधि स्थल पर, ईचागढ़ की पूर्व विधायक सविता महतो, जो निर्मल महतो के छोटे भाई की पत्नी हैं, ने अपने परिवार के साथ मिलकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस कड़ी में, गुरुवार को छोटा गम्हरिया दुर्गा पूजा मैदान में स्थापित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता गणेश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वीर शहीद को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गणेश चौधरी ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में निर्मल महतो का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे महतो के बताए आदर्शों पर चलने का प्रण लें, ताकि उनके सपनों का झारखंड बनाने का सपना साकार हो सके।
इस अवसर पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष अमृत महतो, झारखंड आंदोलनकारी इंद्रजीत महतो, वीरेंद्र प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष जगदीश महतो, अरुण महतो, मंगल मांझी, राजेश गोप, वरुण महतो, आकाश दास सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

