चाईबासा: भीषण गर्मी में पानी की समस्या से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। चाईबासा बस स्टैंड में रोटरी क्लब चाईबासा द्वारा बनाई गई जलमीनार को फिर से चालू कर दिया गया है। अब इस जलमीनार की देखरेख की जिम्मेदारी चाईबासा बस ऑनर्स कमेटी को दी गई है।
जलमीनार के पुनः शुरू होने के अवसर पर चाईबासा बस ऑनर्स संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से बड़ी संख्या में यात्री बस स्टैंड पहुंचते हैं, लेकिन पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी। जलमीनार के चालू होने से यात्रियों और राहगीरों को काफी राहत मिलेगी।
बस ऑनर्स संगठन के उपाध्यक्ष मोहम्मद बारीक ने कहा कि आमतौर पर सभी बस स्टैंडों में यात्रियों के लिए पानी की व्यवस्था रहती है, लेकिन चाईबासा बस स्टैंड में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी। रोटरी क्लब द्वारा जलमीनार को दोबारा शुरू कर यात्रियों को बड़ी सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बस स्टैंड का भी कायाकल्प किया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने रोटरी क्लब के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह लोगों की सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड के विकास के लिए डीपीआर तैयार हो चुका है और जल्द ही यहां बदलाव देखने को मिलेगा।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष विकास दोदराजका ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले संस्था की ओर से इस जलमीनार का निर्माण कराया गया था, लेकिन खराब होने के कारण यह बंद हो गई थी। अब इसे पूरी तरह से ठीक कराकर दोबारा शुरू किया गया है, ताकि आम लोगों को लगातार पानी की सुविधा मिलती रहे।
कार्यक्रम में नगर परिषद चाईबासा के कार्यपालक अभियंता संतोषनी मुर्मू, मुन्ना आलम, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष मदन लाल गुप्ता, निरंजन प्रसाद साहू, कन्हैया लाल अग्रवाल, विष्णु भूत, दुर्गेश खत्री, डॉ. वीणा मुधरा सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य उपस्थित थे।

