Breaking
Mon. Jun 22nd, 2026

तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा नया रोड पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर बैठे एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुखदेव गोराई (43) अपने साथी कालिदास राजुआड़ (62) के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान घोड़ाबांधा नया रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे सुखदेव गोराई ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कालिदास राजुआड़ गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है। हालांकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post

You Missed