जमशेदपुर: साकची गुरुद्वारा साहिब में पांचवें गुरु गुरु अर्जुन देव जी और समस्त अमर शहीदों की स्मृति में रविवार शाम शहीदी कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। धार्मिक समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और गुरबाणी कीर्तन का रसपान कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
कार्यक्रम शाम सात बजे से रात दस बजे तक चला। शुरुआत हजूरी रागी भाई नारायण सिंह ने की। इसके बाद दिल्ली से पहुंचे रागी भाई गुरविंदर सिंह गाफिल ने गुरबाणी शबदों का गायन किया, जिससे संगत भाव-विभोर हो उठी।
पटियाला से पहुंचीं रागी बीबी जसप्रीत कौर ने अपनी मधुर वाणी में कई प्रसिद्ध गुरबाणी शबद प्रस्तुत किए। उनके कीर्तन के दौरान पूरा दरबार हॉल श्रद्धा और भक्ति के माहौल में डूबा नजर आया। संगत ने गुरबाणी का जाप करते हुए वाहेगुरु के नाम का स्मरण किया।
समारोह के दौरान दरबार हॉल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। मंच संचालन सुरजीत सिंह शीते ने किया। कार्यक्रम के समापन पर संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस धार्मिक आयोजन का सीधा प्रसारण नानक मूवीज यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया गया, जिससे देश-विदेश में बैठी संगत भी कार्यक्रम से जुड़ सकी।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी साकची के प्रधान निशान सिंह, महासचिव परमजीत सिंह काले, सतबीर सिंह सोमू, चंचल भाटिया, गुरचरण सिंह भोगल, बलजीत सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी सदस्यों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

