कपाली। सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। केजीएन (KGN) मेडिकल दुकान में रंगदारी मांगने, फायरिंग करने और लूटपाट की घटना के मुख्य आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 21 जून 2026 को आजादनगर थाना क्षेत्र के बगान शाही इलाके में छापेमारी कर उसे दबोच लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे हुई थी। उस समय कुछ अपराधी कपाली स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में घुस गए और दुकान संचालक साकिब परवेज से रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, दुकान में तोड़फोड़ की और नकद राशि के साथ मोबाइल फोन भी लूट लिए। घटना के बाद कपाली ओपी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इनमें तीन आरोपियों की गिरफ्तारी सीधे इस मामले में की गई थी, जबकि पांच अन्य आरोपियों को अलग-अलग मामलों में जेल में बंद रहने के दौरान रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। पुलिस वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और गोली भी पहले ही बरामद कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा की उम्र 26 वर्ष है। वह मूल रूप से कोवाली क्षेत्र का निवासी है और लंबे समय से आजादनगर में किराये के मकान में रह रहा था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार विशेष टीम ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सारिक साह उर्फ घेघा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ झारखंड के चांडिल, बहरागोड़ा और पोटका थाना क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी राज्य ओडिशा के गोरुमहिषाणी थाना में भी लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

