Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

स्वस्थ जीवन और मजबूत परिवार का संदेश, ब्रह्माकुमारीज़ में योग दिवस व फादर्स डे का भावपूर्ण आयोजन

जमशेदपुर। सोनारी स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के यूनिवर्सल पीस पैलेस में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और फादर्स डे का संयुक्त आयोजन श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने भाग लेकर योग, पारिवारिक मूल्यों और आध्यात्मिक जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वास्थ्यवर्धक अभ्यास किए। योग प्रशिक्षक भाई अरविंद ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि नियमित योग व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और तनावमुक्त जीवन प्रदान करता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

फादर्स डे के अवसर पर उपस्थित पिताओं का सम्मान किया गया तथा केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। वक्ताओं ने कहा कि पिता परिवार की नींव होते हैं, जो अपने त्याग, परिश्रम और समर्पण से परिवार के सपनों को साकार करते हैं। बच्चों और युवाओं ने गीत, नृत्य एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से पिता के योगदान को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।

अंत में सभी ने परमपिता परमात्मा के गुणों को जीवन में अपनाने, योग और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने तथा परिवार और समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव स्थापित करने का संकल्प लिया।

Related Post