जमशेदपुर: सिखों के पांचवें गुरु, गुरु अर्जन देव जी के पावन शहीदी दिवस पर टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा, सम्मान और गुरमत मर्यादा के साथ विशेष धार्मिक समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने उपस्थित होकर गुरु साहिब की महान शहादत को नमन किया और उनके बताए सत्य, सेवा तथा मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
गुरुद्वारा साहिब में आयोजित विशेष दीवान के दौरान गुरबाणी कीर्तन, कथा-विचार और अरदास के माध्यम से गुरु अर्जन देव जी के जीवन, शिक्षाओं और बलिदान को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु अर्जन देव जी का बलिदान मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और सत्य की रक्षा के लिए दिया गया सर्वोच्च त्याग है, जो आज भी समाज को प्रेरणा प्रदान करता है।
धार्मिक कार्यक्रम के समापन के बाद संगत के बीच गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शहीदी दिवस के अवसर पर टिनप्लेट गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के विस्तार की भी घोषणा की गई। संगत की सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन और विस्तार किया गया, ताकि गुरुद्वारा साहिब की धार्मिक, सामाजिक और सेवा गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
नई कमेटी में सुरजीत सिंह खुशीपुरा को प्रधान, जसपाल सिंह कन्हैया को महासचिव तथा मनजीत सिंह संधू को कैशियर की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं बलवंत सिंह शेरो, गुरचरण सिंह बिल्ला और रविंद्र सिंह बाजवा को कार्यकारी प्रधान बनाया गया।
इसके अतिरिक्त डेप्युटी प्रेसिडेंट, चेयरमैन, मुख्य सलाहकार, वाइस चेयरमैन, सलाहकार, मीत प्रधान, मीत सचिव, धर्म प्रचार कमेटी, स्त्री सत्संग सभा, सिख नौजवान सभा, ऑडिटर और लंगर कमेटी के विभिन्न पदों पर भी सदस्यों को दायित्व सौंपे गए।
नवगठित कमेटी ने संगत का आभार व्यक्त करते हुए गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा, सेवा परंपरा और धार्मिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित संगत ने कमेटी के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक अरदास के साथ हुआ, जिसमें समाज की खुशहाली, आपसी एकता और ‘सरबत के भले’ की कामना की गई।

