जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के पारीख सभागार में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की, जबकि केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन में सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन शामिल हुए।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने सेवा, सुशासन और अंत्योदय को आधार बनाकर देश के विकास की नई दिशा तय की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी के बल पर विकसित भारत 2047 का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिले हैं। कार्यक्रम का संचालन अनिल मोदी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राजीव सिंह ने दिया। सम्मेलन में भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

