Breaking
Wed. Sep 16th, 2026

निखार सबलोक हत्याकांड का मुख्य शूटर सागर सिंह धनबाद में मुठभेड़ में घायल, दो साथी गिरफ्तार

धनबाद। जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य शूटरों में शामिल सागर सिंह उर्फ शिबू बुधवार शाम धनबाद पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ निरसा थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस की कार्रवाई में घायल सागर सिंह को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, मौके से उसके दो कथित सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पास से हथियार समेत अन्य सामान बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, धनबाद में सागर सिंह अपने दो अन्य साथियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। इसकी सूचना धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने निरसा क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश शुरू की और इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस और संदिग्ध अपराधियों का आमना-सामना हो गया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें सागर सिंह घायल हो गया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दो अन्य आरोपियों को दबोच लिया। उनके पास से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे धनबाद में किस वारदात की योजना बना रहे थे और उनके साथ आपराधिक नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

सागर सिंह का नाम जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल स्टोन होटल के पास हुई हत्या में सामने आया था। पुलिस जांच के मुताबिक, निखार सबलोक पर गोली चलाने वाले शूटरों में सागर सिंह और उसका सहयोगी अंकित सिंह शामिल थे। मामले में पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और सागर सिंह की तलाश चल रही थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि निखार सबलोक हत्याकांड की साजिश पहले से रची गई थी और हत्या से पहले उनकी गतिविधियों तथा मोबाइल लोकेशन पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और व्हाट्सऐप से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को भी जांच का आधार बनाया है।

सागर सिंह के घायल होने और उसके दो सहयोगियों की गिरफ्तारी के बाद निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में भी महत्वपूर्ण कड़ियां मिलने की संभावना है। धनबाद पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और प्रस्तावित वारदात के संबंध में जानकारी जुटा रही है। दूसरी ओर, सरायकेला पुलिस के लिए भी सागर सिंह की गिरफ्तारी से निखार हत्याकांड में उसकी कथित भूमिका और फरार सहयोगियों से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

Related Post