Breaking
Tue. Jun 9th, 2026

दुखनी सोरेन ने दुलाल भुईयां से लिया आशीर्वाद, जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने का जताया संकल्प

जमशेदपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन की पुत्री श्रीमती दुखनी सोरेन भाजपा नेता सुबोध झा एवं अपने सहयोगियों के साथ भुईयांडीह स्थित बिरसा मुंडा चौक पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद दुखनी सोरेन अपने समर्थकों के साथ भुईयांडीह स्थित झारखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां के आवास पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने दुलाल भुईयां से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुलाकात के दौरान क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने दुखनी सोरेन का अंगवस्त्र देकर स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए जनसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए।

इस अवसर पर दुलाल भुईयां ने कहा, “झारखंड की नई पीढ़ी को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान से प्रेरणा लेनी चाहिए। दुखनी सोरेन समाज और राज्य के विकास के लिए आगे बढ़ें तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें, यही मेरी शुभकामना है।”

दुखनी सोरेन ने सम्मान और आशीर्वाद के लिए दुलाल भुईयां का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं और आंदोलनकारियों का मार्गदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणादायी होता है। उन्होंने समाजहित और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई।

मौके पर भाजपा नेता सुबोध झा समेत कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Related Post