जमशेदपुर: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को साकची स्थित भगवान बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के महानायक नहीं थे, बल्कि वे देश के स्वतंत्रता संग्राम के एक महत्वपूर्ण योद्धा, समाज सुधारक और जनजागरण के अग्रदूत थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन की दमनकारी नीतियों, शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। उन्होंने आदिवासी समाज में फैली सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया और लोगों को आत्मसम्मान, शिक्षा तथा संगठन की शक्ति का संदेश दिया।
परविंदर सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने बहुत कम उम्र में जिस साहस और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया, वह आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके नेतृत्व में चला ‘उलगुलान’ आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज है। उन्होंने कहा कि 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया था, लेकिन उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सामाजिक न्याय, समानता, स्वाभिमान और जनहित के मूल्यों का प्रतीक है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना संभव है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, रजनीश सिंह, जसवंत सिंह जस्सी, अशोक सिंह, अमरजीत नाथ मिश्रा, संजय यादव, रामलाल प्रसाद पासवान, ज्योति मिश्रा, सुखदेव सिंह मल्ली, राजेश चौधरी, अशुतोष सिंह, मक्सूद आलम, प्रताप यादव, शमशेर आलम, रंजीत सिंह, बलदेव सिंह, अंसार खान, फिरोज खान, राकेश साहू, अमर कुमार मिश्रा, अंकुश बनर्जी, कौशल प्रधान, राजा सिंह राजपूत, पंकज कुमार, रंजीत झा, राजकुमार वर्मा, जे.एस. पदरी, गुरदीप सिंह, देवेंद्र कुमार, रीता शर्मा, सुनील प्रसाद, फरहत बेगम, हरेकृष्ण लोहार, लक्की शर्मा, संदीप मिश्रा, लो कुमार निराला, रविंद्र मौर्य, कमर रजा खान, विनोद यादव, अंतिका बस्ती, सूरज मुंडा, मन्नू झा और रुबी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

