चाईबासा :* पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की एक युवती ने सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती करने वाले युवक पर वीडियो क्लोनिंग तकनीक का इस्तेमाल कर अश्लील फोटो तैयार करने, ब्लैकमेल करने और कई बार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता की शिकायत पर 7 जून 2026 को मुफस्सिल थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़िता मूल रूप से चक्रधरपुर की रहने वाली है और वर्तमान में चाईबासा में किराये के मकान में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, दिसंबर 2025 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान सूरज नामक युवक से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच पढ़ाई से जुड़ी बातचीत होती थी, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने वीडियो क्लोनिंग तकनीक का इस्तेमाल कर युवती की अश्लील तस्वीरें तैयार कर लीं। इसके बाद उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी से अश्लील तस्वीरें डिलीट करने की मांग की, तो आरोपी ने उसे रांची बुलाया। तीन जनवरी 2026 को वह रांची पहुंची, जहां आरोपी ने उसे एक होटल में ठहराया और जबरन दुष्कर्म किया। अगले दिन उसे वापस चाईबासा भेज दिया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी तस्वीरें डिलीट करने का झांसा देकर लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। इस दौरान उसने करीब चार बार रांची और चाईबासा के विभिन्न होटलों में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

