Breaking
Mon. Jun 8th, 2026

समर क्रिकेट कैंप का समापन, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित समर क्रिकेट कैंप का समापन रविवार को समारोहपूर्वक किया गया। 15 मई से शुरू हुए इस कैंप में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 93 बच्चों ने भाग लिया, जिनमें तीन लड़कियां भी शामिल थीं।

समापन समारोह में कोल्हान प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेंब्रम और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के मानद कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 20 दिनों तक चले इस कैंप का आयोजन प्रतिदिन दो सत्रों में किया गया। कैंप में बच्चों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और फिटनेस का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही अभ्यास मैचों के माध्यम से खिलाड़ियों का मूल्यांकन भी किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की फीस माफ की गई, जबकि प्रतिभावान और जिला टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को शुल्क में रियायत दी गई।

समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। सब जूनियर वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार अथर्व चंद्रा और हर्ष कुमार, सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज अनिस सिन्हा, सर्वश्रेष्ठ स्पिनर मृणाल शेखर, सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर अंश कुमार दास तथा सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक हर्षित विनोद को दिया गया। उदयीमान खिलाड़ी के रूप में स्नेहा पिंगुवा, हर्षित विनोद, अभिनव गुप्ता और राहुल मछुवा को सम्मानित किया गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ लिटिल विंग प्लेयर के लिए आकाश रुही दास, विकल्प विशेष पुरती, दिवेश तुबिड़, अंश कुमार और एहसान जमाल को पुरस्कृत किया गया।

जूनियर वर्ग में सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज ओम प्रकाश महतो, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज नमन साहु, सर्वश्रेष्ठ स्पिनर मनीष कुमार, सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर प्रशांत गोप, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक कुशाग्र यादव, सर्वश्रेष्ठ फिटनेस खिलाड़ी कमलेश महतो तथा सर्वश्रेष्ठ उदयीमान खिलाड़ी नमन साहु को पुरस्कार प्रदान किया गया।

अपने संबोधन में अनुरंजन किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों से प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए और अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित करना उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिला क्रिकेट संघ के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बहामन टूटी और अमिताभ घोष ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह के दौरान कैंप में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया तथा प्रशिक्षण देने वाले कोचों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन असीम कुमार सिंह ने किया।

Related Post