Breaking
Mon. Jun 8th, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर JCAPCPL ने निकाली ‘वॉक फॉर नेचर’, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

जमशेदपुर : पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए जेसीएपीसीपीएल (JCAPCPL) ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर सोमवार को “वॉक फॉर नेचर” कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल में कंपनी के कर्मचारियों, उनके परिवारों तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सहायक प्रबंधक (ईएचएस) सूरजित रे के उद्घाटन संबोधन से हुई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में व्यक्तिगत और संस्थागत जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। इसके बाद डीएम – ईएचएस एवं ऑपरेशंस अतुल भालेराव के नेतृत्व में वार्म-अप सत्र आयोजित किया गया, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह का संचार हुआ।

इस अवसर पर जेसीएपीसीपीएल के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कंपनी द्वारा अपनाई जा रही विभिन्न सतत एवं पर्यावरण अनुकूल पहलों की जानकारी देते हुए भविष्य में भी इस दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम में कंपनी के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यकारी निदेशक तानिगुची सान, यूनियन अध्यक्ष रवि प्रसाद, वरिष्ठ नेतृत्व टीम (एसएलटी) के सदस्य, विभिन्न विभागों के प्रमुख, सीएचआरओ, सीएफओ तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी साझा जिम्मेदारी को प्रदर्शित किया।

प्रतिभागियों ने जुबिली पार्क परिसर में पदयात्रा कर स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य के निर्माण का संदेश दिया। कंपनी का कहना है कि “वॉक फॉर नेचर” जैसी पहलें न केवल पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि कर्मचारियों और समाज को प्रकृति संरक्षण के लिए सार्थक कदम उठाने के लिए भी प्रेरित करती हैं। जेसीएपीसीपीएल भविष्य की पीढ़ियों के बेहतर कल के लिए सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखेगा।

Related Post