चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में तथा रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से आयोजित 15 दिवसीय शतरंज समर कैंप का समापन रविवार को सीताराम रुंगटा रिक्रिएशन हॉल, टाउन क्लब में हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सदर पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी, संघ के संरक्षक एवं नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, दीपेंद्र प्रसाद साहू तथा संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नियमित शतरंज प्रशिक्षण के कारण जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि संघ भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में एक बड़े और आधुनिक हॉल की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
संघ के संरक्षक नितिन प्रकाश ने कहा कि संघ लगातार प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है, जिसके कारण देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी भी चाईबासा में प्रतियोगिताओं में भाग लेने पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा एक भव्य टाउन हॉल के निर्माण के लिए जिला प्रशासन से अनुरोध किया गया है और इस दिशा में जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि समर कैंप में कुल 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, जबकि मुख्य प्रशिक्षक मनीष शर्मा और सह प्रशिक्षक सूरज टीयू को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान अतिथियों ने द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के परिपत्र एवं पोस्टर का भी अनावरण किया। यह प्रतियोगिता 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल, चाईबासा में आयोजित की जाएगी।
मुकुंद रुंगटा ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा तथा 500 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। महासचिव बसंत खंडेलवाल ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि 6 लाख रुपये निर्धारित की गई है। प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 60 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 40 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा कुल 75 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और 50 अंडर एज वर्ग के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में कई अंतरराष्ट्रीय ग्रैंडमास्टर और इंटरनेशनल मास्टर खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव बसंत खंडेलवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सह सचिव अनंत लाल विश्वकर्मा ने किया।
इस अवसर पर बलराम सुल्तानिया, नरेंद्रनाथ पांडे, अर्पित खिरवाल, सुशील चोमाल, सुनील शर्मा, सुनील रुंगटा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

