चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र के सागजोड़ी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई। अजम्बर चौक के समीप स्थित एक कुएं में डूबने से किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान सागजोड़ी गांव निवासी शंकर भूमिज के पुत्र हरीश भूमिज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार हरीश अपनी छोटी बहन के साथ गांव के कुएं पर नहाने गया था। इसी दौरान उसका पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। कुछ समय तक जब वह बाहर नहीं आया तो आसपास मौजूद लोगों को उसकी चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण कुएं के पास जुट गए। कुआं काफी गहरा होने के कारण हरीश का पता नहीं चल पा रहा था। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद कुएं में खोजबीन की और अंततः उसे बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर जराईकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

