Breaking
Wed. Jun 3rd, 2026

जमीन पर सो रही महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र में जहरीले सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान केशपुर स्थित बागालगोड़ा गांव निवासी 30 वर्षीय गौरी सबर के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के करीब तीन बजे गौरी सबर अपने घर के अंदर जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। इसी दौरान उसे अचानक कुछ महसूस हुआ और उसकी नींद खुल गई। जागने पर उसने देखा कि एक सांप ने उसके कंधे पर काट लिया है। इसके बाद उसने शोर मचाया, जिससे घर के अन्य सदस्य जाग गए।

परिजनों ने जब घर की लाइट जलाई तो बिस्तर से कुछ दूरी पर एक जहरीला सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। आनन-फानन में परिवार के लोग गौरी को इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि एमजीएम अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही गौरी की मौत हो गई। इधर, घटना के बाद परिजनों ने सांप को मार डाला। बाद में पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गौरी सबर अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मां की असामयिक मौत से बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।

Related Post