जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के झाबरी बस्ती में पारिवारिक विवाद ने सोमवार को एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जब दो सगे भाइयों के बीच हुआ झगड़ा हत्या में बदल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात नशे की हालत में बड़े भाई परलाद सनातन हेंब्रम (45) और छोटे भाई दुखु हेंब्रम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुखु हेंब्रम ने लोहे की वस्तु से अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया। हमले में परलाद के सिर पर गंभीर चोट लगी।
परिजनों के मुताबिक वारदात के बाद दुखु स्वयं घायल भाई को घर के अंदर ले गया और बिस्तर पर सुला दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिली। जब परिजन परलाद को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मंझले भाई ने बताया कि दोनों भाइयों ने शराब पी रखी थी और नशे की हालत में हुए विवाद ने यह भयावह रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुखु हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और परिजन सदमे में हैं।

