सरायकेला। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना और ओपी प्रभारियों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार रविकांत पाराशर को आरआईटी थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं नीमडीह थाना में पदस्थापित संतन तिवारी को चांडिल थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। चांडिल थाना के प्रभारी रहे डिलशन बिरुआ को स्थानांतरित कर नीमडीह थाना भेजा गया है।
चौका थाना में कार्यरत सोनू कुमार को गम्हरिया थाना में पदस्थापित किया गया है, जबकि कुचाई थाना के नरसिंह मुंडा को कांड्रा थाना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। ईचागढ़ थाना में पदस्थापित बज्रंग महतो को साइबर थाना सरायकेला भेजा गया है। उनकी जगह बरुण यादव को ईचागढ़ थाना प्रभारी बनाया गया है।
खरसावां थाना के प्रभारी गौरव कुमार को चौका थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं सरायकेला थाना में पदस्थापित राहुल सिंह को स्थानांतरित कर खरसावां थाना की कमान सौंपी गई है। दलभंगा ओपी के प्रभारी रविंद्र मुंडा को कुचाई थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि आदित्यपुर में कार्यरत सतीश बर्णवाल को दलभंगा ओपी प्रभारी के रूप में पदस्थापित किया गया है।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही सभी नवनियुक्त थाना और ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, अपराधियों पर कड़ी नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।

