खुंटपानी: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पुरुनियाँ गांव में महिला समितियों के निर्देश पर नशामुक्ति को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव और समाज में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चे भी बीड़ी, सिगरेट, गांजा और खैनी जैसे नशीले पदार्थों के सेवन की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बैठक में महिला समितियों एवं बच्चों ने सामूहिक रूप से गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा एवं थाना प्रभारी मेघनाथ मंडल भी पुरुनियाँ गांव पहुंचे और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से नशा छोड़कर स्वस्थ और बेहतर जीवन अपनाने की अपील की।
सिद्धार्थ होनहागा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जो घर-परिवार को बर्बाद कर देती है। इससे बच्चों का भविष्य प्रभावित होता है, सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है और आर्थिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। उन्होंने लोगों से नशे का त्याग कर आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की अपील की, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
बैठक में ग्राम कल्याण प्रगति समिति के अध्यक्ष बागुन होनहागा, सुमन होनहागा, बलराम केसरी, जीवन होनहागा, लक्ष्मी होनहागा, बसंती होनहागा सहित गांव के अन्य सम्मानित सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

