Breaking
Sun. May 31st, 2026

अनियंत्रित हाइवा घर में घुसा, चालक घंटों के रेस्क्यू के बाद निकाला गया

दुमका। हंसडीहा-देवघर राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। धमना कुंडा मोड़ के समीप तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ को तोड़ते हुए सीधे एक मकान में जा घुसा। दुर्घटना में वाहन चालक केबिन में फंस गया, जबकि मकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब ढाई बजे हुआ। हाइवा देवघर की ओर से हंसडीहा मार्ग होते हुए सारठ क्षेत्र से बालू लादकर पश्चिम बंगाल जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और हाइवा सड़क छोड़कर शंकर राय के घर से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर के कई सीमेंट के पिलर टूट गए और भवन को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि उस समय घर के अंदर मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित रहे, जिससे संभावित बड़ी जनहानि टल गई।

घटना की सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना के अवर निरीक्षक जिम्मी हांसदा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसके कारण उसे बाहर निकालने के लिए विशेष बचाव अभियान चलाया गया। राहत कार्य में गैस कटर, क्रेन और जेसीबी मशीन की मदद ली गई।

लगातार करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह लगभग साढ़े पांच बजे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग किया

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Post