चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना अंतर्गत तांतनगर ओपी क्षेत्र के खेड़ियाटांगर गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी लालसिंह पूर्ति ने कथित रूप से अपनी 6 वर्षीय पुत्री सोनिया पूर्ति की डंडे से मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी देते हुए टांगर पोखरिया के मुखिया मंगल सिंह पूर्ति ने बताया कि लालसिंह पूर्ति पिछले तीन-चार दिनों से बीमार चल रहा था। शनिवार रात अचानक उसने डंडा उठाकर अपनी सो रही बेटी सोनिया पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी पर भी हमला किया और आसपास के लोगों को भी मारने का प्रयास करने लगा।
ग्रामीणों ने किसी तरह उसे काबू में किया और पेड़ से बांध दिया। घायल बच्ची को तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्ची की मां ने बताया कि लालसिंह पिछले दो-तीन दिनों से ठीक से खाना-पीना नहीं कर रहा था। उसे बुखार भी था और वह दवा भी नियमित रूप से नहीं ले रहा था। घटना से पहले वह अपने आप से बातें कर रहा था और उसका व्यवहार असामान्य लग रहा था। खाना खाने के बाद उसने उल्टी भी की थी। इसके कुछ देर बाद उसने डंडा उठाकर बेटी पर हमला कर दिया और परिवार के अन्य सदस्यों को भी मारने के लिए दौड़ाने लगा।
परिजनों के अनुसार लालसिंह पूर्ति के पांच बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और चार बेटियां शामिल हैं। सोनिया पूर्ति परिवार की सबसे छोटी संतान थी।
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपी को हिरासत में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

