Breaking
Wed. May 27th, 2026

अवैध अफीम व डोडा कारोबार पर चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: करीब 18 लाख के मादक पदार्थ जब्त

चतरा : चतरा एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लावालौंग थाना पुलिस ने जोरदाग गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत 18 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिसिया कार्रवाई के दौरान अफीम, डोडा और पोस्ता दाना के साथ साथ 30 हज़ार नकद भी जब्त किया गया है। एसपी को सूचना मिली थी कि गांव के कुछ लोग अपने घरों में अफीम एवं डोडा जमा कर बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सकिंद्र यादव के घर से 1.570 किलोग्राम अफीम (सुखा/पेस्ट) बरामद किया। वहीं घनेश्वर यादव और रामबली यादव के घरों से कुल 69.87 किलोग्राम डोडा, 25.850 किलोग्राम पोस्ता दाना तथा 30 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। साथ ही दो आधार कार्ड भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 34/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में एसडीपीओ सिमरिया शंभु भाजसाह, लावालौंग थाना प्रभारी विधायक प्रसाद यादव एवं थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post