घाटशिला। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने बुधवार को खड़गपुर से पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित घाटशिला तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे की आधारभूत संरचना, परिचालन व्यवस्था और विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ खड़गपुर मंडल के डीआरएम ललित मोहन पांडेय समेत मुख्यालय और मंडल स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
घाटशिला स्टेशन पहुंचने के बाद महाप्रबंधक ने अमृत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। योजना के अंतर्गत स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक इंतजाम और बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करने पर काम किया जा रहा है।
निरीक्षण के बाद घाटशिला में जमशेदपुर के सांसद बिद्युत वणन महतो के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के एजीएम सौमित्र मजूमदार, पीसीसीएम नवीन कुमार चंद्रा, सीपीआरओ ओम प्रकाश चरण, चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया, एडीआरएम (ऑपरेशन) बाबुल बर्मन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार, आदित्य चौधरी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रभात प्रसाद, मनीष कुमार पाठक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्र की रेलवे परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद बिद्युत वणन महतो ने क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर कई सुझाव दिए। उन्होंने स्थानीय जरूरतों के अनुरूप रेलवे सुविधाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया।
इसके बाद महाप्रबंधक और सांसद ने संयुक्त रूप से मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व रेलवे क्षेत्र में रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने, यात्री सुविधाओं में सुधार लाने और विभिन्न विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

