Breaking
Wed. May 27th, 2026

चाकुलिया में गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 336 ग्राम गांजा के साथ युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में ग्रामीण पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 336 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 हजार 800 रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई नया बाजार इलाके में की गई, जहां लंबे समय से गांजा बिक्री की शिकायत मिल रही थी।

गिरफ्तार युवक की पहचान महेश गागराई के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नया बाजार क्षेत्र में छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर गांजा बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर ग्रामीण पुलिस ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने महेश गागराई को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से पुड़िया में पैक किया गया गांजा बरामद हुआ।

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल ने बताया कि आरोपी स्थानीय स्तर पर गांजा सप्लाई करने का काम करता था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह 30, 50 और 100 रुपये की पुड़िया बनाकर युवाओं और अन्य ग्राहकों को गांजा बेचता था। पुलिस को आशंका है कि वह लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था और इलाके में नशे का नेटवर्क फैला रहा था।

ग्रामीण एसपी ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। खासकर उन क्षेत्रों पर पुलिस की नजर है, जहां युवाओं को नशे की ओर धकेलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Related Post