रांची। राजधानी में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की धरपकड़ को लेकर रांची पुलिस ने बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण के नेतृत्व में पिछले दो दिनों तक चलाए गए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत 30 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 135 से ज्यादा लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया।
रांची पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार “ऑपरेशन प्रहार” को विशेष रूप से ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय किया गया, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस को लगातार चकमा दे रहे थे।
अभियान के दूसरे चरण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में देर रात तक छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर कई वारंटियों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिस ने कई ऐसे आरोपियों को भी पकड़ा, जिनकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी।
पूरे अभियान में जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, डीएसपी, थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

