Breaking
Sun. May 17th, 2026

द्वितीय वर्गीज कोसी मेमोरियल शतरंज प्रतियोगिता का समापन, गणेश सिंकू ने जीता अंडर-19 खिताब

चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित तथा रॉयल एनफील्ड एसपी वेंचर्स के सौजन्य से प्रायोजित तीन दिवसीय द्वितीय स्वर्गीय वर्गीज कोसी मेमोरियल एज ग्रुप शतरंज प्रतियोगिता का रविवार को सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-19 आयु वर्ग के मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

10 मिनट प्लस 5 सेकंड इंक्रीमेंट फॉर्मेट पर आधारित इस प्रतियोगिता में पांच चक्रों के मुकाबले हुए। अंडर-19 वर्ग में कुल 28 खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंतिम दौर के रोमांचक मुकाबले में गणेश सिंकू ने सौम्या प्रभा सोए को पराजित कर 4.5 अंकों के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं शश्मित त्रिपाठी 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कृष्ण जालान तीसरे और हर्ष मुरारका चौथे स्थान पर रहे।

गर्ल्स अंडर-19 वर्ग में सौम्या प्रभा सोए ने पहला स्थान प्राप्त किया। समृद्धि प्रिया दूसरे, शालू कुमारी तीसरे तथा ऋषिका शर्मा चौथे स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता में अंडर-15, अंडर-13, अंडर-11, अंडर-9 और अंडर-7 आयु वर्ग के मुकाबले भी आयोजित किए गए। विभिन्न वर्गों में एकांश शाह, एमडी जीशान, अदिति, अरूप वनीत सुंडी, विवान अग्रवाल, प्रज्ञा कुमारी, श्रेयांश बहरा और शनाया सिंह ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि शिवेश पोद्दार, विशिष्ट अतिथि सोहनलाल मुंद्रा, संघ के संरक्षक दीपेंद्र प्रसाद साव तथा महासचिव बसंत खंडेलवाल ने विजेताओं को सम्मानित किया। महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता छह आयु वर्गों में आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 92 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के उत्कृष्ट खिलाड़ी राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन जयदेव चंद्र त्रिपाठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुब्रत चंद्र त्रिपाठी ने दिया। मौके पर संयुक्त सचिव मनीष शर्मा, सूरज टीयू सहित कई खेलप्रेमी उपस्थित थे।

Related Post