Breaking
Sun. May 17th, 2026

रांची में जल्द शुरू होगी वेब सीरीज़ ‘इंसानियत के दुश्मन’ की शूटिंग

चाईबासा: झारखंड की प्रतिभा और यहां की खूबसूरत वादियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से वेब सीरीज़ ‘इंसानियत के दुश्मन’ की शूटिंग जल्द रांची में शुरू होने जा रही है। इस वेब सीरीज़ का निर्माण मल्टीफीलिक्स और सुधा सिने मूवीज़ प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले किया जा रहा है। सीरीज़ को दिल्ली दूरदर्शन के ओटीटी प्लेटफॉर्म WAVES OTT पर रिलीज करने की तैयारी चल रही है। साथ ही रांची दूरदर्शन से भी इसके प्रसारण को लेकर बातचीत जारी है।

निर्माता सिराज अहमद और निर्मात्री शबनम राज ने बताया कि वेब सीरीज़ में 90 प्रतिशत कलाकार झारखंड से लिए गए हैं, ताकि स्थानीय कलाकारों को मंच मिल सके और क्षेत्रीय कला को बढ़ावा दिया जा सके।

वेब सीरीज़ की कहानी समाज में बढ़ते भ्रष्टाचार, अपराध और गिरते नैतिक मूल्यों पर आधारित है। कहानी एक सेवानिवृत्त मेजर रूद्र प्रताप सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्होंने 35 वर्षों तक देश की सेवा की। गृह नगर लौटने के बाद उन्हें सामाजिक चुनौतियों और व्यवस्था की विसंगतियों का सामना करना पड़ता है।

कहानी में यह दिखाया गया है कि कैसे कुछ प्रभावशाली लोग अपने स्वार्थ के लिए मानवता को दांव पर लगा देते हैं और अंततः कानून तथा इंसाफ की जीत होती है। इसमें भाई-भाई और पिता-पुत्र के बीच सिद्धांतों की लड़ाई को भी दर्शाया गया है। वेब सीरीज़ में कुल 26 एपिसोड होंगे और प्रत्येक एपिसोड की अवधि 30 मिनट रखी गई है।

प्रभात राज इस सीरीज़ में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहानी, पटकथा, संवाद और गीत भी लिखे हैं। निर्देशन प्रभात राज और बॉलीवुड निर्देशक तथा चाईबासा निवासी सह चाईबासा इप्टा के संस्थापक तरुण मोहम्मद कर रहे हैं। डीओपी की जिम्मेदारी संदीप गुप्ता और पियूष राज को दी गई है। मेकअप मैन के रूप में शंकर दास कार्य करेंगे, जबकि संपादन का काम माही राज संभाल रहे हैं। कास्टिंग डायरेक्टर रंजीत जौहरी कलाकारों का चयन कर रहे हैं।

वेब सीरीज़ में सिराज अहमद, देवेश खान, रमेश गोयल, राहुल सिंह, रीना सहाय, प्रभात राज, नवीन मोहंती, ऋषभ कुमार, मुरारी लाल गुप्ता, शशिभूषण सिन्हा, कुमकुम गौड़, उमा बड़ाईक, राजश्री जयंती, सुमन सिंह, रंजीत बिहारी, करूणा सिंह, अरूण हाजरा और सुभाष सिन्हा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं संभावित बॉलीवुड कलाकारों में रजा मुराद, अली खान और सीमा परिहार के नाम शामिल हैं।

Related Post