Breaking
Sat. May 16th, 2026

मंगला हाट में सफाई और व्यवस्था सुधारने को लेकर नगर परिषद की बैठक

चाईबासा: नगर परिषद चाईबासा के अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने वार्ड संख्या-5 स्थित मंगला हाट में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, लाइट एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने को लेकर बैठक की।

बैठक में उपाध्यक्ष विकाश शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू, वार्ड पार्षद अनुराधा कुमारी, नगर परिषद के अधिकारी, खुदरा दुकानदार संघ, बाजार समिति के प्रतिनिधि एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित थे।

बैठक में बाजार समिति और खुदरा दुकानदार संघ के प्रतिनिधियों ने मंगला हाट में साफ-सफाई और व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को रखा। इस दौरान नितिन प्रकाश ने संबंधित ठेकेदार से विभिन्न बिंदुओं पर जवाब मांगा। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर ठेकेदार को कड़े निर्देश देते हुए 10 दिनों के भीतर मंगला हाट परिसर की पूर्ण सफाई कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही एग्रीमेंट की छाया प्रति दुकानदार संघ को उपलब्ध कराने और तय शुल्क से अधिक राशि नहीं लेने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में डस्टबिन रखने तथा प्रतिदिन दुकान बंद करने के बाद जमा कचरे को जोड़ा तालाब के पास रखे डस्टबिन में डालने को कहा गया। वार्ड पार्षद अनुराधा कुमारी ने अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर देने का आग्रह किया।

बैठक में मौजूद राजस्व पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सोमवार 18 मई को मंगला हाट परिसर में विशेष शिविर लगाकर नए ट्रेड लाइसेंस बनाए जाएं तथा पुराने ट्रेड लाइसेंस का नवीकरण किया जाए।

Related Post