जमशेदपुर। सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) में शनिवार को स्वच्छता पखवाड़ा–2026 का समापन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (TSUISL) के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर थे। समारोह की अध्यक्षता सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने की। मंच पर स्वच्छता पखवाड़ा आयोजन समिति के सदस्य डॉ. एस.के. साहू, डॉ. गोपी किशोर मंडल तथा प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अतुल कुमार भटनागर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक और तकनीकी दोनों स्तरों पर एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य के निर्माण के लिए अकादमिक संस्थानों, अनुसंधान संगठनों, उद्योगों, सरकारी एजेंसियों, नगर निकायों और नागरिक समाज के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सीएसआईआर-एनएमएल के वैज्ञानिकों से अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सतत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए अनुसंधान एवं विकास समाधान विकसित करने का आह्वान किया, ताकि वर्तमान स्वच्छता और पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान निकाला जा सके।
इस अवसर पर सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने स्वागत भाषण देते हुए 1 से 15 मई तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जागरूकता कार्यक्रम, तकनीकी कार्यशाला और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास किए गए।
स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के अध्यक्ष डॉ. गोपी किशोर मंडल ने कार्यक्रमों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान आवासीय परिसरों एवं विभागों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए। “स्वच्छ भारत मिशन की दिशा में तकनीकी हस्तक्षेप” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई, जिसमें अपशिष्ट प्रबंधन और अनुसंधान की भूमिका पर चर्चा की गई। विद्यालयी छात्रों के लिए भित्ति चित्रकला प्रतियोगिता, कर्मचारियों के लिए निबंध लेखन एवं एलिवेटर पिच प्रतियोगिता तथा बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम के संयोजक बिस्वजीत भौमिक ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। समारोह में सीएसआईआर-एनएमएल के कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने धन्यवाद ज्ञापन देकर कार्यक्रम का समापन किया।

