Breaking
Sat. May 16th, 2026

एमजीएम में जल्द शुरू होगी कैंसर और किडनी रोग की सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी, गंभीर मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

जमशेदपुर। कोल्हान क्षेत्र के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। MGM Medical College and Hospital में जल्द ही कैंसर, किडनी और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी सेवाएं शुरू की जाएंगी। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले उन विभागों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनकी सबसे अधिक जरूरत मरीजों को पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में ऑन्कोलॉजी, ऑन्को सर्जरी और नेफ्रोलॉजी विभाग की ओपीडी शुरू होने से कैंसर और किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को काफी राहत मिलेगी। अभी तक ऐसे मरीजों को इलाज और परामर्श के लिए रांची, कोलकाता या निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था, जहां इलाज में भारी खर्च उठाना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और इलाज की सुविधा एमजीएम अस्पताल में ही उपलब्ध होगी।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के तहत न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग की ओपीडी भी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी। इससे कोल्हान समेत आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को सीधे लाभ मिलेगा।

डॉ. बलराम झा ने बताया कि वर्तमान में कोल्हान क्षेत्र से प्रतिदिन करीब 200 मरीज गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों का रुख करते हैं। वहां केवल डॉक्टरों की परामर्श फीस पर ही 800 से 1000 रुपये तक खर्च हो जाते हैं। एमजीएम में यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध होने से मरीजों के प्रतिदिन लाखों रुपये बच सकेंगे।

उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में ही पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांच की व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है, ताकि मरीजों को जांच के लिए बाहर न जाना पड़े। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी शुरू होने से एमजीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी तथा कोल्हान क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ इलाज उपलब्ध हो सकेगा।

Related Post