चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड अंतर्गत गुदड़ी के सुदूरवर्ती देवां गांव में शुक्रवार से बिरसाईत समाज का 38वां तीन दिवसीय धर्म दिवस शुरू हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक प्रार्थना और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। इस अवसर पर सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के तीसरे अवतार माने जाने वाले बिरसा आबा रान्दो बरजो की प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
धर्म सभा में बिरसाईत समाज के धर्म संचालक बिरसा मुंडा और धर्म दादा रामाय मुंडा ने बिरसा आबा के जीवन, उनके संघर्ष और समाज सुधार के विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा आबा ने समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भावना का संदेश फैलाया तथा लोगों को सादा और नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और क्षेत्र की समस्याओं को भी सांसद के समक्ष रखा गया।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि बिरसाईत समाज अहिंसा, प्रेम और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह समाज नशापान और अंधविश्वास से दूर रहकर प्रकृति पूजा तथा नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवन जीने की सीख देता है। सांसद ने समाज की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आश्वासन देते हुए लोगों से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने की अपील की।
धर्म दिवस कार्यक्रम में गुदड़ी क्षेत्र के विभिन्न गांवों के अलावा बंदगांव और खूंटी जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मौके पर धर्म दादा सुखराम मुंडा, राजेंद्र मुंडा, धर्म संचालक बिरसा मुंडा, गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज, चिलगी मुंडाइन, मंगरा मुंडा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील बुढ़, आकाश भेंगरा, विश्वनाथ पान, दिनेश मुंडा, रंदाय लांग, बुधु मुंडा, कैरी मुंडाइन, सोमवारी मुंडाइन, मंगरा आबा समेत बड़ी संख्या में बिरसाईत समाज के लोग मौजूद रहे।

