Breaking
Fri. May 15th, 2026

जुगसलाई में कपड़ा कारोबारी पर फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जमशेदपुर।जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड और गोलछा मार्केट इलाके में शुक्रवार शाम करीब चार बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूनिक कलेक्शन नामक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में घुसकर अपराधियों ने फायरिंग कर दी। घटना नगर परिषद कार्यालय के समीप व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार चारपहिया वाहन से पहुंचे तीन से चार अपराधियों में सन्नी सरदार नामक युवक की पहचान सामने आई है। बताया जा रहा है कि दो अपराधी सीधे दुकान के अंदर पहुंचे और संचालक बिनेश कुमार बेरिया उर्फ दिनेश कुमार केडिया को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनके कान और सिर के ऊपर से गुजर गई, जिससे वे बाल-बाल बच गए। अचानक पिस्तौल देखकर कारोबारी नीचे झुक गए, जिसके कारण उनकी जान बच सकी।

फायरिंग की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत जुगसलाई थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा, पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) तौक़ीर आलम, जुगसलाई थाना प्रभारी और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में रंगदारी और आपसी रंजिश दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Related Post