Breaking
Wed. May 6th, 2026

टाटानगर स्टेशन पर हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया युवक, हालत नाजुक

जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक बेहद खौफनाक हादसा सामने आया, जिसने स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मचा दी। प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ने की कोशिश कर रहे एक युवक की ऊपर से गुजर रहे करीब 25 हजार वोल्ट के हाई टेंशन ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार की चपेट में आने से बुरी तरह झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है।

घटना सुबह लगभग 11 बजकर 7 मिनट की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इससे पहले कि कोई उसे रोक पाता, वह सीधे ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज ओवरहेड वायर के संपर्क में आ गया। तार छूते ही जोरदार धमाका हुआ और चिंगारियों के साथ युवक आग की लपटों में घिर गया। कुछ ही सेकंड में वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। इस भयावह दृश्य को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेल पुलिस (GRP) और रेलवे के अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक का शरीर काफी हद तक झुलस चुका है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन भी सतर्क हो गया है। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक स्टेशन परिसर में कैसे पहुंचा और मालगाड़ी पर चढ़ने के पीछे उसकी क्या मंशा थी। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश मोहन ने प्रेस को बताया कि घायल हो इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और जांच की जा रही है।

Related Post