Breaking
Mon. May 4th, 2026

जर्जर सड़क से जूझ रहे बारबुरा, टोपासाई और डीपासाई के ग्रामीण, जल्द निर्माण की मांग*

चाईबासा: नोआमुंडी प्रखंड के बारबुरा, टोपासाई और डीपासाई गांव के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान हैं। हवाई पट्टी मैदान से बारबुरा होते हुए टोपासाई मेरोमजोम गुटु तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क की हालत बेहद खराब है, जिससे खासकर बरसात के मौसम में आवागमन लगभग ठप हो जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण को लेकर कई बार ग्राम सभा आयोजित की गई है।

इसके अलावा विधायक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परिषद तथा टाटा स्टील से जुड़ी संस्था टीएसआरडीएस को भी आवेदन दिया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद सड़क की बदहाल स्थिति और स्पष्ट हो गई है।

जगह-जगह कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से प्रशासन तक अपनी समस्या पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

गांव के समाजसेवी सुरेंद्र बालमुचू, गंगाधर नाग, गुरुचरण बालमुचू, गौरंगा गोप, रमेश बालमुचू, मित्रभानु गोप सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आने वाले बरसात के मौसम में राहत मिल सके।

Related Post