Breaking
Sun. May 3rd, 2026

पटमदा में दर्दनाक सड़क हादसा, मैजिक वैन की चपेट में आने से युवक की मौत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। यह घटना जलडहर पेट्रोल पंप के पास करीब आठ बजे हुई, जहां एक तेज रफ्तार मैजिक वैन ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी।

सूचना मिलते ही पटमदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल एमजीएम अस्पताल भिजवाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जलडहर निवासी करीब 40 वर्षीय अजीत सहिस के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय बुधु सहिस के पुत्र थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजीत सहिस पेट्रोल पंप से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलटांड़ से झाड़बामनी की ओर जा रही एक अनियंत्रित मैजिक वैन ने सड़क पार करते समय उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जो उनकी मौत का कारण बनी।

घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। बताया जाता है कि दो महीने पहले ही अजीत के पिता का निधन हुआ था और वे ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं। हादसे के समय उनकी पत्नी एक शादी समारोह में गई हुई थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अजीत सहिस मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वाहन की पहचान व चालक की तलाश की जा रही है।

Related Post