चाईबासा: रोटरी क्लब चाईबासा द्वारा एक मई को 167वां मासिक रक्तदान सह जागरूकता शिविर का आयोजन ब्लड बैंक में किया गया। यह शिविर स्वर्गीय हरभजन सिंह खोखर की स्मृति में हर माह की पहली तारीख को आयोजित किया जाता है, जो वर्ष 2012 से लगातार जारी है।
क्लब के अध्यक्ष विकास दोदराजका ने बताया कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है और इसका उद्देश्य लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से आम लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
शिविर में इस बार कई लोगों ने पहली बार रक्तदान किया।
रोटरी क्लब की ओर से सभी नए रक्तदाताओं को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिविर के संयोजक गुरमुख सिंह खोखर के विवाह की 51वीं सालगिरह भी मनाई गई, जिसमें उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी और एक छोटा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी उपस्थित थे। उन्हें क्लब के अध्यक्ष विकास दोदराजका, प्रायोजक गुरमुख सिंह खोखर और अन्य रोटेरियन द्वारा पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
इस शिविर में एक महिला रक्तदाता सहित रोटेरियन सौरभ प्रसाद समेत कुल 18 लोगों ने रक्तदान किया। यह शिविर खोखर परिवार द्वारा प्रायोजित किया जाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष विकास दोदराजका, सचिव हीना ठक्कर, गुरमुख सिंह खोखर, मदन लाल गुप्ता, सुशील मुँधड़ा, सौरभ प्रसाद, बिष्णु भूत, शरद गुप्ता, पश्चिमी सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नीरज गोयल, ट्रेजरी ऑफिसर सुमित कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. शिव चरण हांसदा, विजय कुमार तथा ब्लड बैंक के कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
अंत में रोटरी क्लब की सचिव हीना ठक्कर ने सभी सहयोगियों और रक्तदाताओं को धन्यवाद दिया।

