गिरिडीह। शहर में आपसी रंजिश एक बार फिर खून-खराबे में बदल गई, जहां पचम्बा थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित चदरा पुल के पास एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय तौफिक अंसारी के रूप में हुई है। घटना सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि करीब एक बजे की बताई जा रही है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
मृतक के साथ मौजूद उसके दोस्त अखलाख के अनुसार, रात करीब 12 बजे के बाद तौफिक के मोबाइल पर उसके परिचित आसिफ अली का फोन आया, जिसने उसे मिलने के लिए बुलाया। आसिफ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अम्बाटांड का रहने वाला बताया जा रहा है। फोन आने के बाद तौफिक अपने दोस्तों अखलाख, श्याम और एक अन्य साथी के साथ चदरा पुल पहुंचा। वहां पहले से आसिफ अली अपने साथियों बंटी टायसन, साकिब अली, मोनू पठान और अरशद के साथ मौजूद था।
मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों के बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और हिंसा में बदल गई। अखलाख ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि आसिफ और उसके साथियों ने धारदार हथियार निकालकर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए सभी भागने लगे, लेकिन इसी दौरान तौफिक गिर पड़ा और हमलावरों ने उसे घेरकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तौफिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मरने से पहले उसने हमलावरों के नाम भी अपने साथियों को बताए।
घटना को लेकर मृतक के फुफेरे भाई बब्बन ने बताया कि रात 12:22 बजे बंटी टायसन का फोन आया था, जिसमें उसने तौफिक और आसिफ के बीच विवाद की जानकारी दी थी और उसे समझाकर घर में रखने को कहा था। बावजूद इसके तौफिक घर से निकल गया और अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंच गया, जहां यह वारदात हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। कुछ ही देर में अन्य वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी गई।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि तौफिक अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में एक हत्या मामले में वांछित रह चुका है। हाल ही में वह जेल से बाहर आया था। वहीं, जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगा है, उनका भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।फिलहाल पुलिस सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

