चांडिल।सरायकेला-खरसावां जिला स्थित चांडिल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। टोल ब्रिज के समीप एक तेज रफ्तार ट्रेलर का चक्का अचानक निकल गया और सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जा लगा। चक्का इतनी तेजी से उछलकर आया कि व्यक्ति को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के मिरियाल शिवा कृष्णा (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक चालक था। वह आंध्र प्रदेश के चल्ला पाली स्थित कृष्णा नगर का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शिवा कृष्णा मछलियों से भरा ट्रक लेकर चांडिल आया था और माल खाली करने के बाद टोल ब्रिज के पास अपने वाहन को खड़ा कर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था।
इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक ट्रेलर का पहिया अचानक निकलकर तेज गति से उछलता हुआ सीधे उसके सिर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा और कुछ ही क्षणों में उसकी मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मृतक के परिवार को घटना की सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि ट्रेलर के पहिए की फिटिंग या मेंटेनेंस में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ होगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और ट्रेलर चालक व वाहन मालिक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

