चाईबासा: मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में 24-25 वर्षीय मनीषा बारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई सुखलाल बारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
घटना को लेकर मनीषा के पिता मोरा बारी और उसके भासुर जगराम मुंडा ने बताया कि मनीषा की शादी झींकपानी थाना क्षेत्र के बासाहातु गांव निवासी मंगल मुंडा के साथ हुई थी। उसका एक चार साल का बेटा भी है। बताया गया कि मनीषा एक दिन पहले अपने मामा घर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करलाजुड़ी गांव आई हुई थी।
रविवार रात लगभग 10 बजे मनीषा अपने छोटे भाई सुखलाल बारी के साथ चक्रधरपुर स्टेशन जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शारदा गांव से कुछ दूरी आगे चक्रधरपुर से चाईबासा की ओर आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मुफस्सिल थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल सुखलाल बारी को तत्काल सदर अस्पताल के आपातकालीन सेवा में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वहीं पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

