Breaking
Tue. Apr 21st, 2026

बुलेट बाइक से घूमकर मोबाइल चोरी करने वाले तीन अपराधी गिरफ्तार, 7 मोबाइल बरामद

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले में मोबाइल चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टुटी ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर चोरी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक, चाईबासा को सूचना मिली थी कि तीन युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्रामीण इलाकों में घूमते हैं और देर रात घरों में घुसकर मोबाइल फोन चोरी करते हैं। चोरी के बाद ये मोबाइल कम कीमत पर स्थानीय स्तर पर बेच देते थे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गितिलिपी मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल (JH06V-1104) पर सवार तीन युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनके संबंध में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपनी पहचान अमन निषाद, सुरेन्द्र सुण्डी उर्फ साहिल सुण्डी और हिमांशु पिंगुवा उर्फ डीमेन के रूप में बताई। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि दो दिन पूर्व झींकपानी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर और इचापुर गांव में देर रात घरों में घुसकर मोबाइल चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब इन घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमन निषाद और हिमांशु पिंगुवा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। अमन निषाद हाल ही में 25 मार्च 2026 को जेल से छूटकर बाहर आया था, जिसके बाद उसने फिर से अपराध की राह पकड़ ली। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी के मोबाइल किन लोगों को बेचे जाते थे और इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

गिरफ्तार आरोपियों में अमन निषाद (24 वर्ष), पिता राजेश निषाद, मूल निवासी ग्राम खड़ियाटांगर, थाना मंझारी तथा वर्तमान पता बाँधासाई खप्परसाई (डीएवी स्कूल के पास), थाना मुफ्फसिल, जिला पश्चिम सिंहभूम शामिल है। वहीं सुरेन्द्र सुण्डी उर्फ साहिल सुण्डी (23 वर्ष), पिता राजु सुण्डी, निवासी संकोसाई टोला रेगाबासा, थाना मुफ्फसिल और हिमांशु पिंगुवा उर्फ डीमेन (26 वर्ष), पिता सच्चिदानन्द पिंगुवा, निवासी महुलसाई, थाना मुफ्फसिल को भी गिरफ्तार किया गया है।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी के नेतृत्व में थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस पदाधिकारी नरहरि सिंह मुंडा तथा मुफ्फसिल थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Post