Breaking
Tue. Apr 21st, 2026

रेलवे क्रॉसिंग पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, 11 घायल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र स्थित हाता–जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जुड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास एक अनियंत्रित कार ने आगे चल रहे टाटा मैजिक और दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद कार खुद भी पलट गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुल 11 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम से ओडिशा की ओर जा रही एक किया कार (डब्ल्यूबी 02 एएस 4786) रेलवे क्रॉसिंग पर बने ऊंचे बंपर से उछलकर अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार में कार ने सामने चल रहे टाटा मैजिक (जेएच 05 एटी 2592) को टक्कर मार दी। इसके बाद कार ने एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जेएच 05 बीजेड 9399) और एक टीवीएस मोपेड (जेएच 05 ओके 0374) को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क पर पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में एक बाइक सवार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, टाटा मैजिक में सवार यात्री समेत अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पोटका थाना के सब-इंस्पेक्टर कुंदन बर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका तथा गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे क्रॉसिंग पर बना ऊंचा और असमतल बंपर अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा उपायों को दुरुस्त करने और बंपर को मानक के अनुसार बनाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिक जानकारी के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा आगे अपडेट जारी किया जाएगा।

Related Post