Breaking
Tue. Apr 21st, 2026

ऑपरेशन ‘अमानत’ में आरपीएफ की तत्परता, खोए बैग बरामद कर यात्रियों को सौंपे

लोहरदगा। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट लोहरदगा ने एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी और मुस्तैदी का परिचय देते हुए “ऑपरेशन अमानत” के तहत सराहनीय कार्य किया है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान आरपीएफ टीम ने दो अलग-अलग मामलों में यात्रियों के खोए हुए बैग बरामद कर उन्हें सुरक्षित वापस सौंप दिया।

पहला मामला लोहरदगा की रहने वाली महिला यात्री कलाश्री उरांव से जुड़ा है, जिन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि वे रांची से लोहरदगा आ रही ट्रेन संख्या 68027 से उतरते समय अपना बैग ट्रेन में ही भूल गईं। बैग में घरेलू उपयोग की सामग्री रखी हुई थी। वहीं दूसरे मामले में सुक्रू उरांव नामक यात्री ने जानकारी दी कि रांची से आकाशी की यात्रा के दौरान उनका बैग ट्रेन में छूट गया, जिसमें नकद राशि और कपड़े मौजूद थे।

दोनों मामलों में ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। उन्होंने तोरी स्टेशन पर तैनात कैंपिंग स्टाफ को सूचना दी। ट्रेन के वहां पहुंचते ही संबंधित बैगों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और ट्रेन संख्या 68028 के माध्यम से लोहरदगा भेजा गया।

लोहरदगा स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों को सूचना देकर आवश्यक पहचान और सत्यापन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद दोनों यात्रियों को उनका सामान विधिवत सौंप दिया गया। इस दौरान यात्रियों ने आरपीएफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और ईमानदारी की सराहना की।

बरामद किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है। इस सराहनीय कार्य में एएसआई एम. के. सिंह, हेड कॉन्स्टेबल रंजीत दास और कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही। आरपीएफ की इस कार्रवाई ने यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को और मजबूत किया है।

Related Post