सोनुवा: सोनुवा प्रखंड के उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय, गोविंदपुर में स्थानीय विधायक जगत माझी ने रविवार को 8 कमरों के अतिरिक्त भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दूरी शिक्षा की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है।
विधायक ने कहा कि विद्यालय में एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन कमरों की कमी के कारण पठन-पाठन प्रभावित हो रहा था। नए भवन के निर्माण से छात्रों को पर्याप्त जगह मिलेगी और पढ़ाई का माहौल बेहतर होगा।
उन्होंने विद्यालय परिसर में चारदीवारी निर्माण और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था करने की भी घोषणा की। साथ ही प्लस-2 स्तर पर शिक्षकों की कमी को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र के सभी मध्य, उच्च और प्लस-2 विद्यालयों में छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि दूरदराज के छात्र भी शिक्षा से वंचित न रहें।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय परिवार द्वारा विधायक का पारंपरिक नृत्य के साथ स्वागत किया गया। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी।
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सुहागी मुर्मू, गोविंदपुर के मुखिया अमर सामाड, प्रधानाध्यापक संजय कुमार, शिक्षक सपन कुमार महतो, विनय सुरीन, अर्चना पुरती, मरथा केरकेट्टा, राजेंद्र प्रधान, हेमचंद महतो, किशोर दास, दीपक माझी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।

