Breaking
Sat. Apr 18th, 2026

चाईबासा में 10वीं की छात्रा ने फंदे से दी जान, कारणों का नहीं चला सुराग

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शनिवार तड़के 15 वर्षीय छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना अंतर्गत बड़बिल मुखिया टोली निवासी बासुराम पुरती की 15 वर्षीय बेटी नेहा पूर्ति 10वीं कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता बाबूराम पूर्ति जमशेदपुर में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

बताया जाता है कि शुक्रवार रात नेहा ने रोज की तरह परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चली गई। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली, तो उसकी मां उसे जगाने के लिए कमरे में गईं। वहां का दृश्य देखकर मां के होश उड़ गए। नेहा रस्सी के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। बेटी को इस हालत में देख मां चीख पड़ीं।

चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते गांव में यह खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पूरे गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने तत्काल गांव के मुंडा को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया।

परिजनों के अनुसार, नेहा का किसी से कोई विवाद या मनमुटाव नहीं था। वह पढ़ाई में सामान्य थी और उसका स्वभाव भी शांत बताया जा रहा है। ऐसे में उसके इस कदम से परिवार पूरी तरह सदमे में है।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों के साथ-साथ नेहा की सहेलियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

Related Post