बोकारो: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चास (मु०) थाना क्षेत्र के मालती लक्सजरिया सिटी स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल की रात पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि मालती लक्सजरिया सिटी के N-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर-101 में कुछ लोग साइबर ठगी के धंधे में लिप्त हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसमें साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप भी शामिल थे।
छापेमारी के दौरान फ्लैट के अंदर चार युवक संदिग्ध अवस्था में मोबाइल और लैपटॉप चलाते हुए पाए गए। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वे साइबर ठगी के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे। आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को KYC अपडेट, ATM कार्ड बंद होने का डर और PMEGP लोन का लालच देकर फर्जी APK फाइल्स डाउनलोड कराते थे।
इसके बाद व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से स्क्रीन शेयर कराकर ग्राहकों की बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी जैसे ATM नंबर, OTP, अकाउंट नंबर और PAN डिटेल हासिल कर लेते थे। प्राप्त जानकारी के आधार पर ये लोग ICICI, IDBI बैंक खातों और अमेजन मनी वॉलेट के जरिए पैसे की ठगी करते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले 3-4 महीनों से उक्त फ्लैट में रहकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी:
1. प्रकाश दास (35 वर्ष), पाण्डेयडीह, जामताड़ा
2. पिन्टू दास (32 वर्ष), सीताकाटा, करमाटांड़, जामताड़ा
3. अंकित दास (25 वर्ष), पाण्डेयडीह, जामताड़ा
4. प्रियांशु दास (22 वर्ष), पाण्डेयडीह, जामताड़ा
बरामद सामान:
16 मोबाइल फोन
एक विक्टस कंपनी का लैपटॉप
एक डायरी, जिसमें कई मोबाइल नंबर दर्ज हैं
इस संबंध में चास थाना कांड संख्या 36/26 के तहत BNS और IT एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

